Helpline +919415567039 || sa.up@smarthindustan.news

Updated Sat, 15 May 2021 11:35 PM

खुद को सुरक्षित रख, कोरोना पाजिटिव बेटे का रखा ध्यान

सहारनपुर, जेएनएन। जिस परिवार का सदस्य कोरोना पाजिटिव निकल रहा है। उस परिवार के उस सदस्य को तो परेशानी है ही, लेकिन इससे अधिक परेशानी परिवार के उस सदस्य को हो रही है, जो कोरोना पाजिटिव की देखभाल कर रहा है। नुमाईश कैंप की एक ऐसी ही महिला ने दैनिक जागरण को अपनी आपबीती सुनाई। महिला का बेटा पाजिटिव हुआ तो उसने खुद को बचाते हुए बेटे का भी ध्यान रखा। महिला ने बताया कि उसके बेटे को 20 दिन पहले अचानक बुखार, खांसी और जुकाम हुआ, जिसके बाद उसका कोरोना टेस्ट कराया गया। कोरोना टेस्ट पाजिटिव आया। इसके बाद 35 वर्षीय बेटे को डाक्टरों ने अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी, लेकिन महिला ने इन्कार कर दिया। महिला ने डाक्टरों से अनुरोध किया कि वह घर पर ही अपने बेटे का ध्यान रखेगी और उपचार कराएगी। इसके बाद बेटे का घर में ही एक कमरा अलग कर दिया गया। बेटे को दवाई देने से लेकर खाने तक का मां ने ध्यान रखा। बेटे के कमरे में जब भी मां जाती थी तो उसे खुद को भी कोरोना संक्रमण से बचाना चुनौती थी। महिला का कहना है कि वह कमरे में जाने से पहले हाथों को सैनिटाइज करती। आने के बाद सैनिटाइज करती। मास्क का प्रयोग करती। हाथों में ग्लब्स का प्रयोग करती थी। रोजाना शाम के समय साबुन से अच्छी तरह से गर्म पानी में नहाती थी। इस तरह से महिला ने खुद को बचाते हुए बेटे का ध्यान रखा। अब बेटे की रिपोर्ट निगेटिव आने से पूरा परिवार खुश है।

छह महिलाओं समेत 20 की मौत, 336 कोरोना पाजिटिव

सहारनपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमण घट रहा है। एक समय में जहां हजार की संख्या में कोरोना पाजिटिव मिल रहे थे वहीं, अब सैकड़ों की संख्या में मिल रहे हैं। शुक्रवार को आई रिपोर्ट के अनुसार, 336 कोरोना के पाजिटिव केस मिले हैं, लेकिन 834 कोरोना के मरीज ठीक होने के बाद अपने घर गए हैं। इसके अलावा अलग-अलग अस्पतालों में छह महिलाओं समेत 20 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हुई है। मेडिकल कालेज के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार यहां पर छह महिलाओं समेत 15 लोगों की मौत हुई है। सभी की मौत का कारण कोरोना वायरस है। इसके अलावा वी-ब्रास में एक, जिला अस्पताल में बनाए गए टीवी वार्ड में दो, सक्षम अस्पताल में एक, मां जगदंबा में एक मौत हुई है। कुल मिलाकर 20 मौत हुई है। वहीं, डीएम ने बताया कि अब तक जिले में 27 हजार 721 कोरोना पाजिटिव केस मिल चुके हैं, जिसमें से 21124 मरीज ठीक होने के बाद अपने घर गए हैं। रोजाना तीन हजार से अधिक लोगों का सैंपल लिया जा रहा है। जिसे लैब में जांच के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, अब तक कुल मौत 371 हो गई है। जिले में अब छह हजार 226 कोरोना के मरीज सक्रिय रह गए हैं। डीएम ने जिले के लोगों से अपील की है कि वह नियमों का पालन करें। खुद को सुरक्षित रखे। 4615 लोगों ने लगवाया कोरोना का टीका

लापरवाही बन सकती है जानलेवा, लाकडाउन का करें पालन

सहारनपुर, जेएनएन। कोरोना का संक्रमण खतरनाक होता जा रहा है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में कोरोना के मरीज सामने आ रहे हैं। रोजाना कई मौत हो रही हैं। कोरोना का संक्रमण न बढ़े, इसलिए प्रदेश सरकार ने 17 मई तक लाकडाउन लगाया हुआ है। बावजूद इसके लोग लाकडाउन का सख्ती के साथ पालन नहीं कर रहे। लापरवाही बरती जा रही है, जो जानलेवा साबित हो सकती है। दोपहर तक जो लोग जरूरतमंद सामान खरीद रहे हैं। उसमें भी लापरवाही कर रहे हैं। सामान खरीदें, लेकिन बिना लापरवाही के। जिला प्रशासन और पुलिस को भी सख्ती करनी होगी। तभी कोरोना से हम जंग जीत सकते हैं।